आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर प्रदेश भाजपा पूरी तरह चुनावी मोड में आ गई है। इसी कड़ी में पार्टी की कोर कमेटी की अहम बैठक 14 फरवरी को देहरादून में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। कोर कमेटी की औपचारिक घोषणा एक-दो दिन में किए जाने की संभावना है।

भाजपा कोर कमेटी की यह बैठक विधानसभा चुनाव की रणनीति तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में राज्य से जुड़े बड़े राजनीतिक मुद्दों पर मंथन होगा, जिसमें संभावित गठबंधन, प्रमुख चुनावी अभियानों की दिशा और संगठनात्मक प्राथमिकताएं शामिल हैं। विधानसभा चुनाव से पहले सीटवार रणनीति, उम्मीदवार चयन की रूपरेखा, प्रचार के प्रमुख मुद्दे और कमजोर-मजबूत क्षेत्रों की पहचान पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा जिला, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन की स्थिति की गहन समीक्षा होगी। बैठक में यह भी तय किया जाएगा कि किन क्षेत्रों में संगठन मजबूत है और कहां संगठनात्मक सुधार की आवश्यकता है। सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय को लेकर दिशा-निर्देश तय होंगे। मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों की भूमिका को लेकर भी स्पष्टता लाई जाएगी।
बैठक में इस बात पर भी मंथन होगा कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक किस तरह प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि कोर कमेटी की घोषणा जल्द की जाएगी, जिसके बाद जेपी नड्डा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित होगी।
राज्य स्तरीय पहला सर्वे पूरा, दूसरे चरण की तैयारी
भाजपा का पहला राज्य स्तरीय सर्वे पूरा हो चुका है। सर्वे से मिले फीडबैक को कोर कमेटी के समक्ष रखा जाएगा, जिसके आधार पर पार्टी अपनी चुनावी रणनीति को और धार देगी। महेंद्र भट्ट ने बताया कि पहले सर्वे के बाद अब दूसरे चरण का सर्वे शुरू कराया जाएगा, जबकि केंद्रीय नेतृत्व की ओर से अलग सर्वे भी कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी प्रयासों का उद्देश्य चुनाव में जीत सुनिश्चित करना है।
सीट बदलने का विकल्प नहीं, अपनी सीट से ही तैयारी करें नेता
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि विधायक हों या मंत्री, सभी को अपनी मौजूदा विधानसभा सीट से ही चुनाव की तैयारी करनी होगी। संगठन ने इस मुद्दे पर अपना रुख पहले ही साफ कर दिया है और चुनाव से पहले किसी भी नेता को सीट बदलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।