देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। कांग्रेस इस कार्यक्रम को युवाओं के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में पेश कर रही है। राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

शुक्रवार को देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों और अधिक से अधिक छात्रों एवं युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए।
बैठक के दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं की समस्याओं और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने का मंच है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रयास है कि इस अभियान का संदेश प्रदेश के हर छात्र और युवा तक पहुंचे।
इस अवसर पर उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि रोजगार और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर युवाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उनका कहना था कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद बड़ी संख्या में युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, जबकि सरकार उनकी अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है।
प्रदेश कांग्रेस के अनुसार, राजस्थान के कोटा से शुरू हुई ‘छात्रों की गूंज’ यात्रा का अगला प्रमुख पड़ाव उत्तराखंड होगा। 17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड में राहुल गांधी युवाओं से संवाद कर उनके सुझाव सुनेंगे और शिक्षा, रोजगार तथा भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। कांग्रेस को उम्मीद है कि कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में छात्र, युवा और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे।