
अहमदाबाद में हुए दिल दहला देने वाले एयर इंडिया हादसे के चार दिन बाद, अब तक 87 मृतकों की पहचान डीएनए मिलान के जरिए हो चुकी है। इन शवों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का शव भी शामिल है, जिसे डीएनए जांच के बाद सोमवार को उनके परिजनों को सौंपा गया।
274 लोगों की दर्दनाक मौत, पहचान बनी बड़ी चुनौती
यह हादसा 12 जून को उस वक्त हुआ, जब एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ था। उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद विमान शहर के एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण दुर्घटना में 274 लोगों की जान चली गई। कई शव बुरी तरह जल गए, जिससे उनकी पहचान मुश्किल हो गई और डीएनए टेस्ट की मदद ली जा रही है।
अब तक 47 शव परिजनों को सौंपे गए
अतिरिक्त सिविल अधीक्षक डॉ. रजनीश पटेल ने बताया कि अब तक 87 डीएनए नमूनों का मिलान हो चुका है। इनमें से 47 शवों को उनके परिवारों को सौंपा जा चुका है। मृतक गुजरात के कई जिलों जैसे भरूच, आनंद, जूनागढ़, भावनगर, वडोदरा, खेड़ा, मेहसाणा, अरवल्ली और अहमदाबाद से ताल्लुक रखते थे।
कुछ परिवार अभी भी कर रहे इंतजार
अधिकारियों के अनुसार, 9 शवों के परिजन अब भी उनके अवशेषों के मिलने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि 8 और परिवार कुछ घंटों में अस्पताल पहुंचने वाले हैं।
एक यात्री बचा, कई छात्र भी हादसे में मारे गए
यह विमान गुरुवार दोपहर 1:39 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुआ था, लेकिन कुछ ही देर में हादसे का शिकार हो गया। हादसे में 241 यात्रियों की जान गई, लेकिन चमत्कारिक रूप से एक यात्री बच गया। मृतकों में कई एमबीबीएस छात्र भी शामिल हैं।