जम्मू: जम्मू-कश्मीर के जम्मू शहर में रविवार रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। शकुंतला फ्लाईओवर पर छात्रों से भरी मेटाडोर अचानक पलट गई। हादसे में 29 छात्र घायल हुए हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि 26 घायल छात्रों की स्थिति स्थिर है।

बताया जा रहा है कि छात्र तिरंगा रैली में शामिल होने के बाद बाग-ए-बाहु से मुबारक मंडी लौट रहे थे। इसी दौरान शकुंतला फ्लाईओवर पर मेटाडोर अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद शुरू कर दी।
पुलिस ने शुरू किया राहत-बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।
GMC जम्मू के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. वीरेंद्र त्रिसाल ने बताया कि हादसे में कुल 29 छात्र घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि ज्यादातर छात्रों की हालत खतरे से बाहर है। कुछ घायलों को फ्रैक्चर और अन्य चोटें आई हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
तीन छात्रों की हालत क्रिटिकल
GMC प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक मरीज सूची के अनुसार, हादसे के बाद 29 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें तीन मरीजों की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि 26 की स्थिति स्थिर है।
क्रिटिकल मरीजों में सुहानी देवी (21), निवासी भवाल, जम्मू; आरती देवी (20), निवासी मजालता, उधमपुर; और सीमा देवी (27), निवासी अथोली, किश्तवाड़ शामिल हैं।
Chief Minister has expressed deep anguish over the road accident involving a matador carrying over 25 girls on the flyover near the Super Speciality Hospital, Jammu.
The injured were promptly provided medical attention and are reported to be out of danger. The Chief Minister…
— Office of Chief Minister, J&K (@CM_JnK) August 9, 2026
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जताया दुख
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री को जैसे ही दुर्घटना की जानकारी मिली, उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि उमर अब्दुल्ला ने संबंधित अधिकारियों को सभी घायलों को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, जरूरत के मुताबिक घायलों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है।
फिलहाल घायल छात्रों का GMC जम्मू में इलाज जारी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों की ओर से जांच की जा रही है।