IIT रुड़की की एडवाइजरी पर विवाद, छात्रों और कर्मचारियों से राजनीतिक पोस्ट से बचने की अपील
रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की की ओर से छात्रों, कर्मचारियों और संस्थान से जुड़े अन्य लोगों के लिए जारी की गई एक आंतरिक एडवाइजरी सोशल मीडिया पर बहस का कारण बन गई है। एडवाइजरी में संस्थान ने सभी से किसी भी मौजूदा राजनीतिक आंदोलन या राजनीतिक गतिविधि के समर्थन में सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से अपनी भागीदारी या समर्थन प्रदर्शित करने से बचने की अपील की है।

20 जुलाई को जारी इस परामर्श में संस्थान ने अपने अधिसूचित आचरण नियमों का उल्लेख करते हुए कहा कि IIT रुड़की में छात्रों और कर्मचारियों का प्राथमिक दायित्व शिक्षा, अनुसंधान, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और ज्ञान के विकास से जुड़ी गतिविधियों में योगदान देना है। इसलिए बिना संस्थान की अनुमति के राजनीतिक चर्चाओं या राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेने से बचना चाहिए।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया कि कोई भी छात्र या कर्मचारी मीडिया या किसी सार्वजनिक मंच पर ऐसा बयान या टिप्पणी न करे, जिससे संस्थान और केंद्र सरकार अथवा किसी अन्य संगठन के बीच संबंधों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना हो।
यह एडवाइजरी सार्वजनिक होने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। कई यूजर्स ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने वाला कदम बताते हुए आलोचना की, जबकि कुछ लोगों ने इसे संस्थान के अनुशासन और आचरण नियमों के अनुरूप सामान्य प्रक्रिया बताया।
विवाद बढ़ने पर IIT रुड़की ने स्पष्ट किया कि यह कोई नया आदेश या नई नीति नहीं है। संस्थान के अनुसार यह एक आंतरिक परामर्श (Internal Advisory) है, जिसे प्रत्येक शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में नियमित रूप से जारी किया जाता है ताकि छात्र, शिक्षक और कर्मचारी संस्थान के मौजूदा आचरण नियमों से अवगत रहें।
संस्थान की प्रवक्ता ने कहा कि एडवाइजरी को गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य किसी की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर रोक लगाना नहीं, बल्कि संस्थान के अधिसूचित नियमों की जानकारी देना है।
गौरतलब है कि यह एडवाइजरी ऐसे समय सामने आई है, जब देशभर में छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राजधानी दिल्ली में छात्रों और विपक्षी दलों द्वारा प्रदर्शन भी किया गया। इसी बीच IIT रुड़की की एडवाइजरी ने सोशल मीडिया पर नई बहस को जन्म दे दिया।