देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर अपनी मंशा जाहिर की है। हरदा ने हरिद्वार जिले की खानपुर, लक्सर या आसपास की किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि चुनाव लड़ने का अंतिम फैसला प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को करना है।


दिल्ली से राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात के बाद लौटे हरीश रावत ने कहा कि दोनों नेताओं के साथ उनकी मुलाकात बेहद सकारात्मक रही। इस दौरान उत्तराखंड की राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुलाकात में उनके चुनाव लड़ने को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई।
खानपुर और लक्सर की जनता चाहती है कि मैं चुनाव लड़ूं: हरदा
चुनाव लड़ने के सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि वह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उन्हें किसी पद की महत्वाकांक्षा नहीं है। अब यह प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को तय करना है कि उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ाना है या नहीं।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार की खानपुर, लक्सर और आसपास की विधानसभा सीटों के लोग चाहते हैं कि वह एक बार उनका प्रतिनिधित्व करें। ऐसे में उनकी इच्छा इन सीटों में से किसी एक से चुनाव लड़ने की है। हालांकि, पार्टी यदि उन्हें चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी नहीं देती है, तब भी वह कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।
कांग्रेस को 45 सीटें जिताने का रोडमैप राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने रखा
हरीश रावत ने बताया कि दिल्ली में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ हुई बैठक में उत्तराखंड में कांग्रेस की वापसी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने और कम से कम 45 विधानसभा सीटें जीतने का रोडमैप राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने रखा।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में कांग्रेस को स्थानीय मुद्दों पर आक्रामक रुख अपनाने की जरूरत है। पार्टी को जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए लगातार लोगों के बीच जाना होगा।
राष्ट्रीय नेताओं से फिर मुलाकात करेंगे हरीश रावत
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी राष्ट्रीय नेताओं से जल्द ही दोबारा मुलाकात होगी। उन्होंने जोर दिया कि चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने के लिए पार्टी को अभी से सक्रिय होकर काम करना होगा।
हरीश रावत के खानपुर और लक्सर सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करने के बाद उत्तराखंड कांग्रेस में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, उनके चुनाव लड़ने पर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व की ओर से ही लिया जाएगा।