हैदराबाद: विपक्षी I.N.D.I.A. गठबंधन की ओर से बीजेपी और चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे कथित ‘वोट चोरी’ और चुनावी धांधली के आरोपों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने देशव्यापी राजनीतिक अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार (2 नवंबर) को बिहार और पश्चिम बंगाल में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में इसी अभियान के तहत पैदल मार्च निकालेंगे।

बीजेपी का यह अभियान विपक्ष के उस आंदोलन के जवाब में देखा जा रहा है, जिसके तहत केंद्र की एनडीए सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने तथा विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों में कथित तौर पर वोटों में हेरफेर के आरोप लगाए जा रहे हैं। रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में I.N.D.I.A. गठबंधन ने इसी मुद्दे पर बड़ी रैली आयोजित की थी।
![]()
भागलपुर से कोलकाता तक नितिन नबीन की पदयात्रा
बीजेपी बिहार की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार को भागलपुर में अपनी पहली पदयात्रा शुरू करेंगे। यह मार्च सुबह 11 बजे लाजपत पार्क से शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे सेवा ज्योति चौक पर समाप्त होगा।
बिहार में कार्यक्रम पूरा करने के बाद नबीन पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता पहुंचेंगे। यहां उनकी दूसरी पदयात्रा दोपहर 3 बजे कॉलेज स्ट्रीट से शुरू होगी और शाम 5:30 बजे धर्मतला में संपन्न होगी।
हैदराबाद में अमित शाह करेंगे पैदल मार्च
दूसरी ओर, तेलंगाना में बीजेपी के अभियान के तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को हैदराबाद में पदयात्रा निकालेंगे। उनका मार्च दोपहर में बशीरबाग स्थित बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा से शुरू होकर मोजमजही मार्केट तक पहुंचेगा।
केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी और तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने रविवार को पदयात्रा के प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन से जुड़ी अन्य तैयारियों की समीक्षा की गई।
तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष रामचंदर राव के मुताबिक, अमित शाह मोजमजही मार्केट में जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस पदयात्रा में वकील, डॉक्टर, बुद्धिजीवी, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे।
विपक्ष की रैली में राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर साधा निशाना
इससे पहले रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित I.N.D.I.A. गठबंधन की रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि भविष्य में उन्हें देशद्रोह के आरोप में पद से हटाकर जेल भेजा जाएगा।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।
वहीं, बीजेपी विपक्ष के इन आरोपों को गलत जानकारी और राजनीतिक अभियान का हिस्सा बताते हुए देशभर में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर रही है। बिहार, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में होने वाली ये पदयात्राएं इसी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा हैं।