

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम चर्च के सामने खड़ी एक कार के नीचे नवजात बच्ची कपड़े में लिपटी हुई मिली थी। बच्ची के बाएं हाथ में कैन्युला लगा था और नाभि पर क्लिप लगी हुई थी। इससे उसके पहले किसी चिकित्सा केंद्र में उपचार किए जाने की आशंका जताई गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां तीन दिन तक उसका उपचार चला, लेकिन सोमवार को उसकी मौत हो गई।
तीन अभियुक्त हिरासत में, पुलिस जुटा रही जानकारी
नवजात बच्ची की मौत के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस ने इस संबंध में तीन अभियुक्तों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्ची को चर्च रोड पर खड़ी कार के नीचे किन परिस्थितियों में छोड़ा गया और इस घटना के लिए कौन जिम्मेदार है।
बच्ची के हाथ में कैन्युला और नाभि पर क्लिप मिलने के मद्देनजर पुलिस उसके पूर्व उपचार से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।