रायपुर: विष्णुलोक कॉलोनी में बुजुर्ग दंपती समेत तीन लोगों की हत्या के बाद इलाके में मातम के साथ-साथ दहशत का माहौल है। मंगलवार को घटनास्थल के आसपास बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग जुटे। किसी की आंखों में अपनों को खोने का दर्द था तो कोई इस वारदात को लेकर गुस्से में नजर आया। लोगों के बीच बार-बार यही सवाल उठता रहा कि आखिर शांत माने जाने वाले इलाके में इतनी बड़ी वारदात कैसे हो गई।


कपूर दंपती के व्यवहार को याद कर भावुक हुए पड़ोसी
स्थानीय महिलाओं ने बताया कि कपूर दंपती का आसपास रहने वाले लोगों के साथ व्यवहार बेहद अच्छा था। उनके घर में लंबे समय से घरेलू काम करने वाली महिलाओं ने भी परिवार के साथ अपने अच्छे संबंधों का जिक्र किया।
ऐसे में घर में लंबे समय से प्लंबिंग का काम करने वाले आरोपी राजकुमार पर हत्या का आरोप सामने आने के बाद लोग हैरान हैं। स्थानीय महिलाओं का कहना था कि काम के सिलसिले में घरों में आने-जाने वाले लोगों पर परिवार भरोसा करते हैं, लेकिन इस घटना ने अब लोगों के मन में सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा कर दी है।
परिवार की दिनचर्या की जानकारी होने की बात से उठे सवाल
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों के बीच वारदात से जुड़े कई सवालों पर चर्चा होती रही। लोगों का कहना था कि आरोपी को परिवार और घर के माहौल की काफी जानकारी थी। उसे परिवार के सदस्यों की दिनचर्या के बारे में भी जानकारी होने की बात कही जा रही है।
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा रही कि संभवत: इसी परिचय और भरोसे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, हत्या की असली वजह, घटनाक्रम और आरोपी की भूमिका से जुड़े सभी पहलुओं का स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
तीन हत्याओं ने सुरक्षित माने जाने वाले इलाके को हिलाया
पड़ोसियों के मुताबिक विष्णुलोक कॉलोनी लंबे समय से शांत और सुरक्षित इलाका रही है। यहां रहने वाले लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में शामिल होते रहे हैं। ऐसे में एक ही वारदात में तीन लोगों की हत्या ने स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
लोगों ने पुलिस से मामले की गहन जांच कर पूरी सच्चाई सामने लाने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बुजुर्ग बोले- इलाके में बढ़ाई जाए पुलिस गश्त
घटना की जानकारी मिलने के बाद रायपुर क्षेत्र के कई बुजुर्ग भी विष्णुलोक कॉलोनी पहुंचे। बुजुर्ग गबर सिंह ने कहा कि इलाके में पहले इस तरह की घटनाएं नहीं होती थीं। उन्होंने कहा कि इस वारदात के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
गबर सिंह ने पुलिस से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और विशेष रूप से रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। उनका कहना था कि घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और पुलिस की मौजूदगी बढ़ने से लोगों का सुरक्षा को लेकर भरोसा मजबूत होगा।