रामनगर। उम्र के 70वें पड़ाव पर भी फिटनेस और अनुशासन का जज्बा बरकरार रखते हुए रामनगर निवासी सेवानिवृत्त कर्नल दिनेश बिष्ट ने दिल्ली में आयोजित सेखों इंडियन एयरफोर्स मैराथन-2026 में 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी की। उन्होंने यह दूरी 1 घंटा 18 मिनट में पूरी कर अपनी फिटनेस का परिचय दिया।
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को आयोजित मैराथन में 12 हजार से अधिक धावकों ने विभिन्न श्रेणियों में हिस्सा लिया। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने सुबह 5:30 बजे मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


कारगिल युद्ध में निभाई अहम भूमिका
सेवानिवृत्त कर्नल दिनेश बिष्ट सेना में चिकित्सक और जाने-माने सर्जन रहे हैं। कारगिल युद्ध के दौरान उन्होंने अग्रिम मोर्चे पर अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए घायल सैनिकों का उपचार किया। कठिन परिस्थितियों में चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने और घायल जवानों की जान बचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भी कर्नल बिष्ट सामाजिक और पूर्व सैनिकों से जुड़े कार्यों में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह उत्तराखंड पूर्व सैनिक लीग रामनगर, हेमपुर, मोहान और बैरापड़ाव के अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
70 की उम्र में दौड़कर दिया फिटनेस का संदेश
कर्नल बिष्ट ने 10 किलोमीटर की दौड़ 1 घंटे 18 मिनट में पूरी की। उनकी इस उपलब्धि को उम्र के इस पड़ाव पर नियमित व्यायाम, अनुशासन और सक्रिय जीवनशैली के उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है।
उनकी भागीदारी ने पूर्व सैनिक समुदाय के बीच भी उत्साह बढ़ाया। मैराथन में अलग-अलग आयु वर्ग के धावकों के साथ दौड़ पूरी कर उन्होंने यह संदेश दिया कि नियमित फिटनेस और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ उम्र शारीरिक सक्रियता में बाधा नहीं बनती।
पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने दी बधाई
कर्नल दिनेश बिष्ट की उपलब्धि पर उत्तराखंड पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष पूर्व मेजर जनरल एमएल असवाल, नैनीताल जिलाध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल बीएस रौतेला सहित पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
पूर्व सैनिक संगठनों से जुड़े लोगों ने कहा कि कर्नल बिष्ट की यह उपलब्धि युवाओं के साथ-साथ पूर्व सैनिकों के लिए भी प्रेरणादायक है। सेना में सेवा के दौरान कर्तव्यनिष्ठा और सेवानिवृत्ति के बाद फिटनेस के प्रति उनका समर्पण उनके अनुशासन को दर्शाता है।