किच्छा। सितारगंज रोड स्थित पिपलिया मोड़ के पास सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। नेपाल से हरिद्वार जा रही श्रद्धालुओं से भरी टेंपो ट्रैवलर अचानक सड़क पर आई नीलगाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 12 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि नीलगाय की मौत हो गई। पुलिस ने सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

18 श्रद्धालु थे सवार
जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर रविवार को नेपाल से श्रद्धालुओं को लेकर रुपैडिहा के रास्ते हरिद्वार के लिए रवाना हुई थी। वाहन में कुल 18 लोग सवार थे, जो सभी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
सोमवार तड़के करीब ढाई बजे वाहन पिपलिया मोड़ के पास पहुंचा। इसी दौरान अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने टेंपो ट्रैवलर को मोड़ दिया। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलभट्टा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
घायलों में शिव कुमारी, वाणी राणा, गीता चौहान, टीका कुमार, प्रकाश खादरा और कुशल थापा समेत 12 लोग शामिल हैं। उपचार के बाद सभी घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
हादसे में नीलगाय की मौत हो गई। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।