हरिद्वार: शहर कोतवाली क्षेत्र के मायापुर में शुक्रवार देर रात फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कुछ हमलावर एक युवक को निशाना बनाने उसके घर पहुंचे थे। इसी दौरान हुई फायरिंग में युवक के साथ लिव-इन में रह रही युवती गोली लगने से घायल हो गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने एम्स रेफर कर दिया।

युवक को निशाना बनाने पहुंचे थे हमलावर
पुलिस के मुताबिक, मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में अंश नाम का युवक एक युवती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। शुक्रवार रात कुछ युवक कथित तौर पर अंश को निशाना बनाने के इरादे से उसके घर पहुंचे।
इस दौरान विवाद हुआ और फायरिंग की गई। आरोप है कि हमलावरों ने अंश पर गोली चलाई, लेकिन गोली उसके साथ रह रही युवती के बाजू में जा लगी। गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
जिला अस्पताल के बाद एम्स रेफर
घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स रेफर कर दिया।
घायल युवती राजीव नगर की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, वह खन्नानगर स्थित एक जिम में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती है।
अंश के खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज होने की जानकारी
पुलिस के अनुसार, अंश के खिलाफ पहले से कुछ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, शुक्रवार रात हुई फायरिंग के पीछे की वजह क्या थी और हमलावर कौन थे, इसकी जांच की जा रही है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
सीओ सिटी सिसुपाल सिंह नेगी ने बताया कि झगड़े के दौरान गोली चलने से युवती घायल हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस हमलावरों की पहचान के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। फिलहाल मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।