देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद सामने आए कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री आवास कूच का कार्यक्रम तय किया गया है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शामिल होंगे।

रविवार को देहरादून स्थित अपने आवास पर आयोजित बैठक में प्रदेश कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मुख्यमंत्री आवास कूच की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और कार्यकर्ताओं में इस मुद्दे को लेकर भारी आक्रोश है।
प्रीतम सिंह ने कहा कि हल्द्वानी में हुई घटना सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाए। साथ ही आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा संविधान, सामाजिक न्याय और समानता के सिद्धांतों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। पार्टी कार्यकर्ताओं से उन्होंने बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
बैठक में मौजूद पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि खरगे की सभा स्थल से जुड़े विवाद में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक मामलों में चयनात्मक रवैया अपना रही है, जिससे जनता में गलत संदेश जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान हर परिस्थिति में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाएगी और सरकार को जवाबदेह बनाएगी।
बैठक में प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र पोखरियाल, राजीव पुंज, रमेश कुमार मंगू, देवेंद्र पाल सिंह, सुधीर समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।