काशीपुर: उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की सामान्य सभा के चुनाव की प्रक्रिया शुक्रवार, 22 अगस्त से शुरू होने जा रही है। काशीपुर और जसपुर क्षेत्र में निर्वाचन प्रक्रिया दोपहर 1:30 बजे से आयोजित की जाएगी। चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और शिक्षकों में उत्साह का माहौल है।

उच्च न्यायालय उत्तराखंड, नैनीताल के आदेश के अनुपालन में उप निबंधक (फर्म्स, सोसाइटी एवं चिट्स), देहरादून की ओर से 14 अगस्त को जारी निर्देशों के तहत यह चुनाव कराया जा रहा है। इसी क्रम में 20 अगस्त को जिला तदर्थ समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें निर्वाचन कार्यक्रम और चुनावी प्रक्रिया की रूपरेखा तय की गई।
प्रांतीय तदर्थ समिति के सदस्य देवेंद्र चौधरी द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि संघ के संविधान के नियम 8(1) के अनुसार चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुगम तरीके से संपन्न कराया जाएगा। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
समिति ने क्षेत्र के सभी प्राथमिक शिक्षकों से निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। साथ ही सामान्य सभा में निर्वाचित होने के इच्छुक उम्मीदवारों से भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत चुनाव में भाग लेने का आह्वान किया गया है।
शिक्षक संघ के इस चुनाव को संगठन के भविष्य और शिक्षकों के प्रतिनिधित्व के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव के जरिए नए पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा, जो आगामी कार्यकाल में शिक्षकों की समस्याओं और हितों से जुड़े मुद्दों को उठाने का कार्य करेंगे।