बदरीनाथ: उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थस्थल बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं को जल्द ही अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात मिलने जा रही है। बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत निर्माणाधीन 45 बेड वाले आधुनिक अस्पताल का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। चार मंजिला इस अस्पताल में गंभीर मरीजों के इलाज से लेकर ऑपरेशन तक की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

अस्पताल को सब-जिला अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू और अन्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। अस्पताल में अत्याधुनिक मशीनों की स्थापना का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
31 अगस्त तक निर्माण पूरा करने के निर्देश
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था को 31 अगस्त तक अस्पताल भवन का निर्माण हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं और मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भवन में लिफ्ट की भी व्यवस्था की गई है।
अस्पताल के लिए आवश्यक आधुनिक चिकित्सा उपकरण पहले ही पहुंच चुके हैं और उनके इंस्टॉलेशन का कार्य जारी है। अधिकारियों का दावा है कि निर्माण कार्य पूरा होते ही अस्पताल संचालन के लिए तैयार हो जाएगा।
अक्टूबर में हो सकता है उद्घाटन
सूत्रों के अनुसार अक्टूबर माह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बदरीनाथ धाम दौरे का कार्यक्रम प्रस्तावित माना जा रहा है। संभावित दौरे को देखते हुए शासन, प्रशासन और पीएमओ स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी दौरान अस्पताल के उद्घाटन की भी संभावना जताई जा रही है।
हालांकि जिलाधिकारी गौरव कुमार ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राजीव पाल ने बताया कि अस्पताल भवन का निर्माण और आधुनिक मशीनों की स्थापना का कार्य तेजी से कराया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द अस्पताल का संचालन शुरू किया जा सके।
चारधाम यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ
हर वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंचते हैं। समुद्र तल से अधिक ऊंचाई पर स्थित होने के कारण यहां कई यात्रियों को सांस लेने में तकलीफ, ऑक्सीजन की कमी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
अब तक गंभीर मरीजों को उपचार के लिए जोशीमठ, श्रीनगर या अन्य निचले क्षेत्रों के अस्पतालों में रेफर करना पड़ता था। लेकिन आधुनिक अस्पताल शुरू होने के बाद तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को बदरीनाथ धाम में ही बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत तैयार हो रहा यह अस्पताल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगा, बल्कि चारधाम यात्रा को और अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।