नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) में बड़े संगठनात्मक फेरबदल की तैयारी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार, 17 अगस्त को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, नई टीम में अनुभवी नेताओं को बरकरार रखते हुए कई युवा चेहरों को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।

जनवरी 2026 में बीजेपी के 16वें राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने वाले नितिन नबीन सोमवार दोपहर बाद संगठन में बदलाव की घोषणा कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नई टीम में युवाओं को अधिक प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की जा सकती है। इसे युवा पीढ़ी, खासकर Gen Z के बीच पार्टी की पहुंच मजबूत करने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।
संगठन में बदलाव के बाद कैबिनेट फेरबदल के भी संकेत
सूत्रों का दावा है कि संगठन में बड़े बदलाव के तहत कुछ वरिष्ठ नेताओं को केंद्रीय मंत्रिपरिषद से हटाकर पार्टी संगठन की जिम्मेदारी दी जा सकती है। ऐसे में राष्ट्रीय टीम के गठन के बाद केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में भी फेरबदल की संभावनाएं जताई जा रही हैं।
क्या है बीजेपी का मौजूदा संगठनात्मक ढांचा?
बीजेपी के संगठनात्मक ढांचे में सबसे ऊपर मार्गदर्शक मंडल है। इसके बाद पार्टी का संसदीय बोर्ड और फिर केंद्रीय चुनाव समिति महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। संसदीय बोर्ड की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करते हैं। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को जगह दी गई है।
इसके अलावा पार्टी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और महासचिवों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वर्तमान में बीजेपी में कई वरिष्ठ नेता राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और महासचिव के तौर पर संगठन की जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।
अब सभी की नजरें नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि नई टीम में अनुभव और युवा नेतृत्व के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की जाएगी। नई नियुक्तियों से पार्टी के आगामी संगठनात्मक और राजनीतिक रोडमैप के संकेत भी मिल सकते हैं।