कोटद्वार: पौड़ी हाईवे पर सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सिद्धबली मंदिर और लालपुल के बीच अचानक हाथियों का झुंड पहुंच गया। हाईवे पर हाथियों को देखकर वाहन चालक और राहगीर सहम गए। इस दौरान हाथियों ने वाहनों को नुकसान पहुंचाया और यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ।

जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 7:45 बजे की है। हाथियों का झुंड अचानक सिद्धबली मंदिर रोड के पास हाईवे पर आ गया। हाथियों को देखकर वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए, जबकि कुछ हाथी वाहनों के पीछे दौड़ते नजर आए। इस दौरान तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
हाथियों के हाईवे पर आने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। कोटद्वार से पर्वतीय क्षेत्रों के स्कूल-कॉलेजों में जाने वाले शिक्षक भी जाम के कारण समय पर रवाना नहीं हो सके।
वन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। वनकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद हाथियों को हाईवे से हटाकर जंगल की ओर खदेड़ा। हालांकि, बताया जा रहा है कि हाथियों की मौजूदगी अभी भी घटनास्थल के आसपास बनी हुई है और वे दोबारा हाईवे की ओर आने का प्रयास कर रहे हैं। इसे देखते हुए वन विभाग की टीम मौके पर निगरानी कर रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना के दौरान लोगों ने हाथियों के हाईवे पर घूमने और सड़क पर लगे जाम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क पर हाथियों का झुंड और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं।
हाईवे जैसे व्यस्त मार्ग पर हाथियों के पहुंचने से एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा सामने आया है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और हाथियों की आवाजाही वाले संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।