हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में सड़क पर हुड़दंग और राहगीरों को डराने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। दो नहरिया रोड पर सरेआम बेल्ट लहराते और लोगों को डराते नजर आए युवकों की पहचान कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, दो नाबालिगों को संरक्षण में लेकर काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस
मामला 14 अगस्त की शाम का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवक सड़क के बीच हुड़दंग करते दिखाई दे रहे थे। आरोप है कि युवक हाथों में बेल्ट लहराकर राहगीरों को डराने की कोशिश कर रहे थे।
वीडियो सामने आते ही नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले का संज्ञान लिया और हल्द्वानी कोतवाली पुलिस को आरोपियों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
CCTV खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
निर्देश मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा अन्य माध्यमों से भी वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की गई। जांच के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान दो नाबालिगों की भी भूमिका सामने आई। पुलिस ने दोनों को संरक्षण में लेकर काउंसलिंग की और बाद में उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
एक युवक शराब के नशे में मिला
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में से एक युवक शराब के नशे में पाया गया। उसके खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।
दोनों बाइक सीज, एक के दस्तावेज भी नहीं मिले
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लेटिना बाइक थी, जिसके वैध दस्तावेज भी पुलिस को उपलब्ध नहीं कराए गए।
दूसरी बाइक रॉयल एनफील्ड थी, जिसका नंबर UK04AS-4102 बताया गया है।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर दबंगई, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग या राहगीरों को डराने जैसी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो, जिनसे सार्वजनिक शांति या कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, उनका तत्काल संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।