नानकमत्ता। श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में 10 दिवसीय संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा के शुभारंभ पर शुक्रवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में 1601 महिलाओं ने भाग लिया। हाथों में कलश लिए महिलाओं और श्रद्धालुओं के ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।

विडौरा मझोला स्थित प्राचीन श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में कथा आयोजन से पहले 1601 महिलाओं ने गुरुद्वारा श्री दूध वाला कुआं से कलशों में पवित्र जल भरा। इसके बाद श्रीमद् देवी भागवत के सानिध्य में कलश शोभायात्रा शुरू हुई।
तीन किलोमीटर तक निकली भव्य शोभायात्रा
करीब तीन किलोमीटर लंबी कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते और नाचते हुए आगे बढ़े। यात्रा के दौरान श्रद्धालु मार्ग पर जल का छिड़काव करते हुए झाड़ू लगाकर रास्ता साफ करते भी नजर आए।
शोभायात्रा का नगर में जगह-जगह श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। कई स्थानों पर प्रसाद वितरण किया गया। भक्ति गीतों और धार्मिक जयकारों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंगा रहा।
मंदिर परिसर पहुंचने के बाद कलश में लाए गए पवित्र जल से भगवान शिव परिवार का रुद्राभिषेक किया गया। इसके साथ ही 10 दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ।
वृंदावन से पहुंचे कथावाचक, रोजाना होगी कथा
पंडित कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि श्री वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक कान्हा जी महाराज के मुखारविंद से 10 दिवसीय संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक होगी।
उन्होंने बताया कि कथा के समापन अवसर पर 23 अगस्त को हवन और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम में महंत सोमवार गिरी, विधायक गोपाल सिंह राणा, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, श्रीपाल राणा, भास्कर सम्भल, पवन सिंह राणा, धर्म सिंह राणा, शेर सिंह, अभिषेक राणा, नंदू सिंह राणा, कपिल सिंह और राजू राणा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।