रुद्रपुर: काशीपुर फ्लाईओवर के पास स्कूटी सवार दो युवकों पर रॉड से हमला किए जाने के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से वाल्मीकि समाज में नाराजगी बढ़ गई है। सोमवार को रुद्रपुर के साथ दिल्ली और आसपास के इलाकों से समाज के लोग नगर निगम परिसर पहुंचे और धरना देकर पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

गांधी कॉलोनी निवासी अभिषेक वाल्मीकि और उसके दोस्त जतिन पर हमले के मामले में पुलिस ने भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ, उनके भाई सन्नी समेत करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
स्कूटी में टक्कर के बाद रॉड से हमले का आरोप
पुलिस में दर्ज मामले के मुताबिक, पुरानी रंजिश को लेकर काशीपुर फ्लाईओवर के पास दोनों युवकों की स्कूटी में टक्कर मारी गई। इसके बाद उन पर रॉड से हमला किए जाने का आरोप है। हमले में दोनों युवक घायल हो गए थे।
मुकदमा दर्ज होने के बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर समाज के लोगों ने नाराजगी जताई। धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन बढ़ाने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए समाज पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
वाल्मीकि समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक धरना-प्रदर्शन और संघर्ष जारी रहेगा।