काशीपुर: उत्तराखंड के काशीपुर में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार टैंकर ने तीन परिवारों की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। आईटीआई थाना क्षेत्र में स्कूल जा रहे तीन छात्रों की बाइक को अज्ञात टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी चालक टैंकर लेकर फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, दभौरा टांडा गांव के रहने वाले तीनों छात्र बाइक से लोहिया पुल स्थित अपने स्कूल जा रहे थे। जैसे ही वे हवलदार फार्म के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों छात्र सड़क पर जा गिरे और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने एक छात्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य छात्रों को गंभीर हालत में भर्ती कर उनका उपचार शुरू किया गया। उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
हादसे के तुरंत बाद टैंकर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार टैंकर और उसके चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत हो रहा है। आरोपी चालक की पहचान होते ही उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक छात्र के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।