चमोली। सिक्किम में एनएचपीसी (NHPC) की टनल परियोजना में हुए दर्दनाक हादसे में उत्तराखंड के चमोली जिले के एक युवा इंजीनियर की मौत हो गई। मृतक की पहचान पीपलकोटी क्षेत्र के गुनियाला गांव निवासी प्रवीन नेगी के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

इंजीनियरिंग के क्षेत्र में बना रहे थे पहचान
प्रवीन नेगी अपने शांत, मिलनसार और कर्मठ स्वभाव के लिए जाने जाते थे। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने एचसीसी (HCC) की मायापुर-पीपलकोटी परियोजना से अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने रेलवे समेत विभिन्न निर्माण परियोजनाओं में अपनी सेवाएं दीं।
हाल के समय में वह सिक्किम में एनएचपीसी की टनल परियोजना में इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे और परियोजना से जुड़े तकनीकी कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
टनल परियोजना में हादसे का हुए शिकार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिक्किम में एनएचपीसी की टनल परियोजना के दौरान हुए हादसे में प्रवीन नेगी की जान चली गई। हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर फैल गई।
परिवार और पूरे क्षेत्र में मातम
प्रवीन नेगी के असमय निधन से उनके परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों को गहरा आघात पहुंचा है। स्थानीय लोगों ने उन्हें एक मेहनती, जिम्मेदार और प्रतिभाशाली युवा इंजीनियर बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में उनके निधन की खबर से शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।