हल्द्वानी:
हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक स्कूल वैन और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के समय वैन में नौ स्कूली बच्चे सवार थे। दुर्घटना में एक बच्चे के सिर में मामूली चोट आई, जबकि अन्य सभी बच्चे सुरक्षित बच गए। दोनों चालकों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

गौलापार के नवाड़खेड़ा के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, आरएम स्कूल की वैन नौ बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान गौलापार के नवाड़खेड़ा के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घायल बच्चे को अस्पताल भेजा गया
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी बच्चों को एहतियातन पास के क्लीनिक ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सिर में चोट लगने वाले बच्चे को हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल भेजा गया। वहीं, अन्य बच्चों को स्कूल प्रबंधन ने दूसरे वाहन से सुरक्षित स्कूल रवाना कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो गौला पुल की ओर से आ रही थी, जबकि स्कूल वैन काठगोदाम की ओर से बच्चों को लेने के लिए सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। स्कॉर्पियो में सवार लोग मथुरा के निवासी बताए गए हैं।
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है।
काठगोदाम कोतवाल जसबीर सिंह चौहान ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की एक प्रमुख वजह माना जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों के बीच यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। हालांकि, इस हादसे में सभी बच्चों का सुरक्षित बच जाना राहत की बात रही।