नैनीताल/हल्द्वानी: नैनीताल से लौट रहे लखनऊ के छह पर्यटक उस समय सड़क हादसे का शिकार हो गए, जब उनकी टवेरा कार ज्योलीकोट के पास अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य पर्यटकों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, गोमतीनगर (लखनऊ) निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे। गुरुवार सुबह सभी पर्यटक हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ टवेरा (यूके 04 टीबी 3870) से काठगोदाम की ओर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि ज्योलीकोट नंबर-1 से कुछ आगे वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से नीचे लगभग 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद वाहन में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई और उनकी चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।
एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि हादसे में चालक संग्राम सिंह और पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, अन्य चार पर्यटकों को मामूली चोटें आई हैं और उनका उपचार कराया गया।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। यह हादसा नैनीताल की यात्रा से लौट रहे पर्यटकों के लिए एक भयावह अनुभव बन गया।