देहरादून: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने लोअर पीसीएस-2024 भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए साक्षात्कार (इंटरव्यू) का कार्यक्रम जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन के बाद अब चयन प्रक्रिया का अंतिम चरण शुरू होगा। आयोग के अनुसार, पहले चरण के इंटरव्यू 27 जुलाई से 3 सितंबर तक आयोजित किए जाएंगे।

328 अभ्यर्थियों का होगा साक्षात्कार
आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि लोअर पीसीएस-2024 की मुख्य परीक्षा 13 और 14 सितंबर 2024 को आयोजित की गई थी, जबकि इसका परिणाम 27 मार्च 2025 को घोषित किया गया।
मुख्य परीक्षा में सफल 406 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 18 मई से 21 मई के बीच कराया गया। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 328 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए पात्र पाया गया है। इनके इंटरव्यू 27 जुलाई से 3 सितंबर के बीच आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शेष अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की स्क्रूटनी अभी जारी है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके साक्षात्कार की तिथि भी अलग से घोषित की जाएगी।
इंटरव्यू के लिए ये मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को निम्नलिखित मूल दस्तावेज अपने साथ लाने होंगे—
- हाईस्कूल की अंकतालिका एवं प्रमाण पत्र
- इंटरमीडिएट (12वीं) की अंकतालिका एवं प्रमाण पत्र
- स्नातक की अंकतालिका एवं डिग्री
- परास्नातक की डिग्री एवं अंकतालिका (यदि लागू हो)
- आरक्षण संबंधी प्रमाण पत्र
- स्थायी निवास प्रमाण पत्र
- पर्वतीय क्षेत्र में शारीरिक मानकों में छूट का दावा करने पर संबंधित प्रमाण पत्र
- पूर्व सैनिक अभ्यर्थियों के लिए डिस्चार्ज प्रमाण पत्र
- केंद्र या राज्य सरकार में कार्यरत अभ्यर्थियों के लिए नियोक्ता का अनापत्ति/सेवा प्रमाण पत्र
- नाम, पिता, माता या पति के नाम में विभिन्न प्रमाण पत्रों में अंतर होने पर स्वघोषणा पत्र
- पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक मूल दस्तावेज
- पासपोर्ट आकार के दो नवीनतम फोटो
इंटरव्यू शुल्क भी करना होगा जमा
आयोग के अनुसार, साक्षात्कार से पहले अभ्यर्थियों को आयोग कार्यालय में निर्धारित शुल्क जमा करना होगा।
- सामान्य, ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस वर्ग: ₹80
- एससी एवं एसटी वर्ग: ₹30
आयोग ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है, ताकि चयन प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।