नैनीताल: उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन नगर नैनीताल में ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और पर्यटक-अनुकूल बनाने के लिए प्रशासन ने कई अहम फैसले लिए हैं। इनमें सबसे बड़ा निर्णय मॉल रोड को ‘नो हॉर्न ज़ोन’ घोषित करना है। यह व्यवस्था 1 अगस्त से लागू होगी। इसके तहत मॉल रोड पर अनावश्यक हॉर्न बजाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नियम लागू होने से पहले प्रशासन शहरभर में जागरूकता अभियान चलाएगा और प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड एवं पोस्टर लगाए जाएंगे।

यह निर्णय उत्तराखंड हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में लिया गया है। मंडलायुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन और पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस, परिवहन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।
मॉल रोड पर अब नहीं गूंजेंगे अनावश्यक हॉर्न
बैठक में मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि मॉल रोड नैनीताल की सबसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में से एक है, जहां हर वर्ष लाखों पर्यटक सैर के लिए पहुंचते हैं। अनावश्यक हॉर्न से बढ़ता ध्वनि प्रदूषण पर्यटकों के अनुभव को प्रभावित करता है। इसी कारण जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को आवश्यक आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि 1 अगस्त से नियमों का सख्ती से पालन कराया जा सके।
झील किनारे पूरा क्षेत्र रहेगा नो-पार्किंग
यातायात को सुचारु बनाए रखने और जाम की समस्या को कम करने के लिए प्रशासन ने तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक झील के आसपास के पूरे क्षेत्र को नो-पार्किंग ज़ोन घोषित कर दिया है। इस फैसले से सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग पर रोक लगेगी और पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।
फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं तो वाहन होंगे सीज
बैठक में परिवहन विभाग और पुलिस को निर्देश दिए गए कि बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित हो रहे सरकारी और निजी वाहनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। ऐसे वाहनों को सीज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा निजी वाहनों से अवैध रूप से टैक्सी संचालन करने वालों के खिलाफ संयुक्त अभियान भी चलाया जाएगा।
रूसी बाईपास पर बनेगा आधुनिक पार्किंग हब
पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए प्रशासन ने रूसी बाईपास को आधुनिक पार्किंग हब के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। यहां पार्किंग के साथ शौचालय, पेयजल, विद्युत सुविधा, दुकानें और सीसीटीवी निगरानी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम किया जा सके।
लोगों को पहले किया जाएगा जागरूक
प्रशासन ने कहा है कि नए नियमों को लागू करने से पहले नागरिकों और पर्यटकों को जागरूक किया जाएगा। इसके लिए इस सप्ताह से विशेष अभियान शुरू होगा, जिसके तहत विभिन्न स्थानों पर पोस्टर लगाए जाएंगे और लोगों से यातायात नियमों का पालन करने तथा अनावश्यक हॉर्न का प्रयोग न करने की अपील की जाएगी।
प्रशासन का मानना है कि इन फैसलों से नैनीताल में ट्रैफिक व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी, ध्वनि प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यटकों को शांत, स्वच्छ एवं बेहतर पर्यटन अनुभव मिल सकेगा।