किच्छा। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य नितिन चरन वाल्मीकि द्वारा प्रदेश के सफाई कर्मचारियों के कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए किए जा रहे लगातार प्रयासों की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सराहना की। मुख्यमंत्री ने उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।

राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य बनने के बाद नितिन चरन वाल्मीकि ने प्रदेश के विभिन्न नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों का दौरा कर सफाई कर्मचारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें आयोजित कीं। इन बैठकों में उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को कर्मचारियों से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से समय पर वेतन भुगतान, ईपीएफ, ईएसआई और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
सफाई कर्मचारियों के हितों के प्रति उनकी सक्रियता और प्रतिबद्धता से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनकी पीठ थपथपाई और उन्हें दोगुने उत्साह एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते रहने का संदेश दिया।
इसी क्रम में शनिवार को खटीमा स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नितिन चरन वाल्मीकि ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश के सफाई कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, उनकी समस्याओं तथा उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
भेंट के दौरान नितिन चरन वाल्मीकि ने कहा कि राज्य सफाई कर्मचारी आयोग प्रदेश के सफाई कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे तथा उनकी जायज मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए स्नेह, प्रोत्साहन और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें सफाई कर्मचारियों के हित में और अधिक मेहनत एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।