नैनीताल: नैनी झील से लगातार दूसरे दिन शव मिलने की घटना ने पर्यटन नगरी नैनीताल में सनसनी फैला दी है। शनिवार सुबह झील में एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। रेस्क्यू के बाद शव को झील से बाहर निकालकर उसकी पहचान ऑल सेंट्स कॉलेज कंपाउंड निवासी महेंद्र चौहान के रूप में की गई। लगातार दो दिनों में झील से दो शव मिलने की घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह कुछ स्थानीय लोगों ने नैनी झील में एक शव उतराता हुआ देखा। इसके बाद तुरंत मल्लीताल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पहचान की प्रक्रिया शुरू की। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पहुंचे, जिन्होंने शव की पहचान महेंद्र चौहान के रूप में की।
मृतक के बेटे ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब एक बजे उनके पिता शौचालय जाने की बात कहकर घर से निकले थे। काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और परिचितों के साथ पूरी रात उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। शनिवार सुबह पुलिस से नैनी झील में शव मिलने की सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले शुक्रवार को भी नैनी झील से स्थानीय निवासी मनीष शाह का शव बरामद हुआ था। 24 घंटे के भीतर झील से लगातार दो शव मिलने की घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है और फिलहाल दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।