Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
हरिद्वार: हरिद्वार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने देर रात मेला अस्पताल और महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। अचानक डीएम के पहुंचने से अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों में हलचल मच गई।

डीएम ने सबसे पहले मेला अस्पताल का दौरा किया और ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों से भर्ती मरीजों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार, भोजन और अन्य सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया। मरीजों ने बताया कि उन्हें समय पर उपचार और भोजन मिल रहा है तथा किसी प्रकार की समस्या नहीं है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, लाइटिंग सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कैमरे दुरुस्त रखे जाएं, खराब लाइटें तत्काल बदली जाएं और पेयजल व वाटर कूलर की व्यवस्था तुरंत सुधारी जाए।
डीएम ने यह भी निर्देशित किया कि भर्ती मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही बेडशीट और कंबलों की नियमित धुलाई सुनिश्चित की जाए। सीएमएस को साफ और स्वच्छ कंबल उपलब्ध कराने तथा जरूरत पड़ने पर नए कंबल खरीदने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद डीएम महिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने सभी वार्डों और लेबर रूम का निरीक्षण किया। ड्यूटी पर तैनात डॉ. शिवंशी ने जानकारी दी कि लेबर रूम में दो गर्भवती महिलाएं भर्ती हैं, जिनकी स्थिति सामान्य है, जबकि 13 महिलाएं प्रसव के बाद अस्पताल में भर्ती हैं।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को बिना ठोस कारण के रेफर न किया जाए और सभी गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही महिला अस्पताल में एंबुलेंस और 108 सेवा हर समय उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए गए।