नई दिल्ली: राजधानी में मंगलवार देर रात कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। बदमाशों ने अधिवक्ता दीपक खत्री की कार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमले में उनके साथ मौजूद संदीप नामक व्यक्ति के कंधे में गोली लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

दीपक खत्री का नाम गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना रात करीब 10:30 बजे की है, जब वह चार साथियों के साथ हनुमान मंदिर से आईएसबीटी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटर पर सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाया और कई राउंड फायर किए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की जानकारी देते हुए माधुर वर्मा, ज्वाइंट सीपी, ने बताया कि हमलावरों में से एक के पास हथियार था, जिसने कार पर गोलियां चलाईं। पुलिस पीड़ित पक्ष के विस्तृत बयान दर्ज कर रही है।
#WATCH दिल्ली | जॉइंट CP मधुर वर्मा ने कहा, “दीपक खत्री एक वकील हैं। उनके साथ चार साथी थे। वे रात करीब 10:30 बजे कश्मीरी गेट इलाके में अपनी कार से ISBT जा रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, स्कूटर पर सवार तीन अनजान हमलावरों ने, जिनमें से एक हथियारबंद था, गोलियां चलाईं। उनके एक… https://t.co/vZvy3sVbuD pic.twitter.com/ePHtB6Aq6K
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 24, 2026
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दीपक खत्री को कथित रूप से शाहजाद भट्टी नामक व्यक्ति की ओर से धमकी मिली थी। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और किसी भी संभावित एंगल को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा।
राजा बांठिया, डीसीपी के अनुसार, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।