कुल्लू/मनाली: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव सिमसा क्षेत्र के एक होम स्टे के कमरे से बरामद किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

22 फरवरी को दोस्तों संग पहुंचे थे मनाली
पुलिस जानकारी के अनुसार, वीर सोरेन 22 फरवरी को अपने दो दोस्तों के साथ मनाली पहुंचे थे। तीनों सिमसा स्थित एक होम स्टे में ठहरे हुए थे। 23 फरवरी को वे सोलंग और सेथन घाटी घूमने गए और शाम को वापस लौट आए।
बताया गया कि 24 फरवरी को दोस्त दोबारा घूमने निकले, लेकिन वीर सोरेन कमरे में ही रुके रहे। दोपहर करीब 12:30 बजे जब दोस्त लौटे तो वह सो रहे थे। जगाने पर उन्होंने सिरदर्द की शिकायत की। साथियों ने दवा मंगवाकर दी, जिसके बाद वह फिर आराम करने लगे।
अचानक गिरने की आवाज, अस्पताल में तोड़ा दम
करीब दोपहर 2 बजे कमरे से गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। दोस्त अंदर पहुंचे तो वीर सोरेन बिस्तर से नीचे गिरे पड़े थे। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल मनाली ले जाया गया। रास्ते में उनके मुंह से झाग निकलने की बात सामने आई है।
अस्पताल में डॉक्टरों ने सीपीआर सहित आवश्यक उपचार किया, लेकिन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
बाहरी चोट के निशान नहीं, हर पहलू से जांच
अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।
मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही चंपई सोरेन सहित परिवार के अन्य सदस्य मनाली पहुंच गए हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सके।