देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज सचिवालय में उत्तराखंड मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। आगामी विधानसभा बजट सत्र से ठीक पहले हो रही यह बैठक कई नीतिगत फैसलों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।

9 मार्च से गैरसैंण में बजट सत्र
उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में 9 मार्च से बजट सत्र प्रस्तावित है। सत्र से पहले कैबिनेट बैठक में विभिन्न विभागों के वार्षिक प्रतिवेदनों को मंजूरी दी जा सकती है, जिन्हें बाद में सदन में पेश किया जाएगा। नियमानुसार, इन प्रतिवेदनों को सदन के पटल पर रखने से पहले मंत्रिमंडल की स्वीकृति अनिवार्य होती है।
बैठक में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) संशोधन विधेयक को भी सदन में पेश करने की अनुमति मिल सकती है। बताया जा रहा है कि प्रस्तावित संशोधन में कुछ अपराधों के लिए दंड की अवधि निर्धारित करने का प्रावधान शामिल है।
राष्ट्रीय खेलों के 243 पदक विजेताओं पर फैसला संभव
राज्य में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेल के 243 पदक विजेताओं को अब तक सरकारी नौकरी नहीं मिल पाई है। ऐसे में कैबिनेट बैठक में खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति देने के प्रस्ताव पर मुहर लगने की संभावना है।
बजट 2026-27 के मसौदे पर मंथन
आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट के प्रारूप को लेकर भी चर्चा हो सकती है। सरकार ने बजट से पहले विभिन्न वर्गों और संगठनों से सुझाव लिए हैं। बैठक में इन सुझावों को बजट में समाहित करने के बिंदुओं पर विचार किया जा सकता है।
स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन से जुड़े अहम प्रस्ताव
कैबिनेट एजेंडे में शिक्षा, स्वास्थ्य और ऊर्जा विभाग की संशोधित नियमावली समेत कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं।
-
चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने यात्रा अवधि के लिए डॉक्टरों का अलग कैडर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है।
-
बॉन्डधारी डॉक्टरों के पीजी पाठ्यक्रम हेतु अध्ययन नीति पर भी चर्चा संभव है।
-
पर्यटन विभाग की नियमावली में संशोधन कर निवेश को प्रोत्साहन और नए पर्यटन स्थलों के विकास को गति देने संबंधी प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया जा सकता है।