उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में 22 फरवरी की देर रात एक महिला से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मेले से लौटते समय रोका गया रास्ता
तहरीर के अनुसार, महिला अपने देवर के साथ ‘सरस मेले’ से घर लौट रही थी। रात करीब 11 बजे एक मैदान के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि कुछ देर बातचीत के बाद आरोपियों ने हथियार दिखाकर दोनों को धमकाया और महिला को जबरन अपने साथ ले गए।
सुनसान स्थान पर वारदात का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे एक सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है।
सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।