Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
ऊधम सिंह नगर: खटीमा में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, यह घटना 11 फरवरी को खटीमा विकासखंड के एक गांव में हुई थी पीड़िता की मां ने बताया कि जब वे और उनके पति काम पर थे और बच्चे घर से बाहर थे, तब 16 वर्षीय बेटी घर पर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान, पड़ोस में रहने वाला नरेंद्र उर्फ नरी राम घर में घुस आया। उसने दरवाजा बंद कर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी दी।
भयभीत पीड़िता ने शुरू में किसी को कुछ नहीं बताया। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब बेटी के पैर में चोट लगने के बाद इलाज के लिए परिवार दिल्ली गया। वहां बेटी के स्वास्थ्य को लेकर हुई बातचीत में उसने पूरी आपबीती सुनाई।इसके बाद 23 फरवरी को खटीमा पहुंचकर आरोपी के खिलाफ पुलिस को शिकायत दर्ज कराई गई।
खटीमा कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नरेंद्र उर्फ नरी राम के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि आरोपी की तलाश में टीमें जुटी हुई हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।