मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र स्थित किदवई नगर में सोमवार रात एक भयावह अग्निकांड में एक ही परिवार के 6 लोगों की जान चली गई। मृतकों में 5 मासूम बच्चे और एक महिला शामिल हैं। हादसे में छह महीने की जुड़वा बहनें भी काल के गाल में समा गईं, जबकि एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से झुलसी हैं।

रात 9:30 बजे भड़की आग, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब साढ़े नौ बजे अचानक तीन मंजिला मकान में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा घर धुएं से भर गया। मुख्य दरवाजे से तेज लपटें निकलती देख आसपास के लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
छत के रास्ते अंदर घुसी फायर टीम
गली संकरी होने के कारण दमकल वाहन सीधे मकान तक नहीं पहुंच सका। ऐसे में फायर ब्रिगेड कर्मियों को पड़ोसी की छत के रास्ते घर में प्रवेश करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और झुलसे लोगों को बाहर निकाला गया।
अस्पताल में 6 को मृत घोषित
घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने रुखसार (30) और पांच बच्चों—अकद्दस (3), छह माह की जुड़वा बेटियां नाबिया और इनायत, महविश (12) और हम्माद (4)—को मृत घोषित कर दिया। अमीर बानो (55) की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
घर में चलता था एम्ब्रॉयडरी का काम
पुलिस के अनुसार, मकान में पावरलूम और एम्ब्रॉयडरी का कार्य होता था। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जिसने कपड़ों और धागों के कारण तेजी से फैलकर भीषण रूप ले लिया।
नमाज के लिए गए थे पुरुष सदस्य
घटना के समय मकान मालिक इकबाल अहमद और उनके दोनों बेटे आसिम व फारूक नमाज अदा करने मस्जिद गए हुए थे। घर में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे, जो आग की चपेट में आ गए।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, जांच के आदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। डीएम डॉ. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।