काठमांडू: नेपाल के धादिंग जिला में सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। पोखरा से काठमांडू जा रही एक यात्री बस पृथ्वी राजमार्ग पर चिनाधारा क्षेत्र के पास अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में गिर गई। हादसे में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। बस में लगभग 40–45 लोग सवार थे, जिनमें कुछ विदेशी पर्यटक भी शामिल बताए जा रहे हैं।

मृतकों में महिलाएं और पुरुष शामिल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में छह महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं। घायलों की संख्या 25–27 के बीच बताई जा रही है। घायलों में आठ महिलाएं, 18 पुरुष और एक नाबालिग लड़की शामिल हैं। सभी को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
ढलान से फिसलकर नदी किनारे पहुंची बस
पुलिस के मुताबिक बेनीघाट रोरांग-5 के भैसेपाटी इलाके के पास बस अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई। वाहन करीब 300 मीटर नीचे ढलान से फिसलते हुए नदी किनारे जा गिरा। दुर्घटना के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिली। हादसे के कारणों की जांच जारी है। शुरुआती आशंका चालक द्वारा नियंत्रण खोने, सड़क की खराब स्थिति या ओवरलोडिंग की जताई जा रही है।
रात में चला संयुक्त बचाव अभियान
हादसा देर रात होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में दिक्कतें आईं। नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल, नेपाल पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर रेस्क्यू अभियान में जुटे रहे। अंधेरा और नदी का तेज बहाव अभियान के लिए चुनौती बना रहा। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।