रामनगर/अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में आयोजित एक सरकारी बहुउद्देशीय शिविर के दौरान भाजपा के दो नेताओं के बीच हुई तीखी बहस का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

बुधवार, 18 फरवरी को ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत न्याय पंचायत मछोड़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में शिविर लगाया गया था। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना और मौके पर ही लाभार्थियों का पंजीकरण करना था। विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल भी लगाए थे।
मामूली बात से बढ़ा विवाद
कार्यक्रम के दौरान सल्ट विधायक Mahesh Jeena और जिला पंचायत सदस्य हंसा नेगी के बीच चाय-पानी की व्यवस्था को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि यह विवाद धीरे-धीरे तीखी बहस में बदल गया।
विधायक निधि पर उठे सवाल
हंसा नेगी ने विधायक निधि के खर्च पर सवाल उठाते हुए आरटीआई के आधार पर कुछ खरीदों में अनियमितता का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि 10,500 रुपये की दरी, 8,000 रुपये की ढोलक और 2,500 रुपये के चिमटे की खरीद दर्शाई गई है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दोनों पक्षों ने रखी अपनी बात
विधायक Mahesh Jeena का कहना है कि कार्यक्रम स्थल के अंदर खाने-पीने की व्यवस्था पर प्रशासन ने आपत्ति जताई थी और उसे बाहर करने के निर्देश दिए थे। उनके अनुसार, इसी मुद्दे पर अनावश्यक विवाद खड़ा किया गया।
दूसरी ओर, हंसा नेगी ने कहा कि दूर-दराज से आए ग्रामीणों की सुविधा के लिए जनसहयोग से चाय-पानी की व्यवस्था की गई थी। उनका दावा है कि इसे गलत तरीके से मुद्दा बनाया गया।