नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने महाराष्ट्र, तेलंगाना समेत 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। ये सभी सीटें अप्रैल 2026 में खाली हो रही हैं। जिन राज्यों में चुनाव होंगे, उनमें महाराष्ट्र, तमिलनाडु, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं।

आयोग के मुताबिक, इन 37 सीटों में महाराष्ट्र से 7, तमिलनाडु से 6, बिहार और पश्चिम बंगाल से 5-5, ओडिशा से 4, असम से 3, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और हरियाणा से 2-2 तथा हिमाचल प्रदेश से 1 सीट पर चुनाव होगा।
प्रमुख सदस्यों का कार्यकाल समाप्त
तेलंगाना से अभिषेक मनु सिंघवी और के.आर. सुरेश रेड्डी 9 अप्रैल को राज्यसभा से सेवानिवृत्त होंगे। असम से रामेश्वर तेली, भुवनेश्वर कलिता और अजीत कुमार भुइयां का कार्यकाल भी उसी दिन समाप्त होगा।
तमिलनाडु से एन.आर. एलंगो, पी. सेल्वारासु, एम. थंबीदुरई, तिरुचि शिवा, डॉ. कनिमोझी एनवीएन सोमू और जी.के. वासन 2 अप्रैल को रिटायर होंगे।
इसके अलावा महाराष्ट्र से डॉ. भगवत कराड, डॉ. फौजिया खान, प्रियंका चतुर्वेदी, शरद पवार, धैर्यशील पाटिल, रजनी पाटिल और रामदास आठवले का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। अन्य राज्यों से भी कई वरिष्ठ सदस्य अप्रैल में सेवानिवृत्त होंगे।
चुनाव कार्यक्रम
-
अधिसूचना जारी: 26 फरवरी 2026
-
नामांकन की अंतिम तिथि: 5 मार्च 2026
-
नामांकन पत्रों की जांच: 6 मार्च 2026
-
नाम वापसी की अंतिम तिथि: 9 मार्च 2026
-
मतदान: 16 मार्च 2026 (सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक)
-
मतगणना: 16 मार्च 2026 (शाम 5 बजे से)
-
पूरी चुनाव प्रक्रिया: 20 मार्च 2026 तक
आयोग के विशेष निर्देश
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतपत्र पर वरीयता दर्ज करने के लिए केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए गए निर्धारित बैंगनी रंग के स्केच पेन का ही उपयोग किया जाएगा। किसी अन्य पेन के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी।
स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के निर्देश दिए हैं, जो पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेंगे।
इन चुनावों का परिणाम संसद के उच्च सदन की राजनीतिक स्थिति को प्रभावित कर सकता है, ऐसे में राजनीतिक दलों की रणनीतियां तेज हो गई हैं।