Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में स्कूल से घर लौट रही चार नाबालिग छात्राओं और एक छात्र को एक अधेड़ व्यक्ति द्वारा बहलाकर साथ ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। एक छात्रा से अभद्रता और पकड़ने के प्रयास का आरोप भी लगा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया गया कि मंगलवार को स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चे घर लौट रहे थे। रास्ते में एक व्यक्ति ने उन्हें रोककर कहा कि वह उनके परिजनों की ओर से भेजा गया है और उन्हें उसके साथ चलना होगा। बच्चों को उसकी बातों पर शक हुआ। आरोप है कि जब एक छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की और जबरन पकड़ने का प्रयास किया, जिससे उसे हल्की चोट आई। छात्रा किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई।
पीड़ित छात्रा के पिता ने कोतवाली में तहरीर दी। परिजनों ने आरोपी की तलाश शुरू की और बताया कि वह बालाजी मंदिर के पास एक पार्क में मिला, जहां अन्य बच्चे भी मौजूद थे। स्थानीय लोगों की सहायता से संदिग्ध को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। अभिभावकों ने स्कूलों के आसपास गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को अजनबियों से सावधान रहने के प्रति जागरूक करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।