रुद्रपुर में आयोजित सरस आजीविका मेले के तीसरे दिन सोमवार देर रात तक दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा। स्टार नाइट के मुख्य आकर्षण पंजाबी और बॉलीवुड गायक जस्सी गिल ने रात करीब 10 बजे मंच संभाला और अपने लोकप्रिय गीतों से समां बांध दिया। उनके मंच पर आते ही युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। दर्शक मोबाइल फोन से वीडियो बनाते हुए कुर्सियों और बैरिकेडिंग तक पर चढ़ गए।

जस्सी गिल ने ‘बापू जमींदार’, ‘निकले करंट तेरे यार जो’, ‘काली एक्टिवा दा’ और ‘जूती थल रख दिया मित्रा ने दिल नू…’ जैसे सुपरहिट गीतों की प्रस्तुति दी। उनके गानों पर दर्शक देर रात तक झूमते और थिरकते नजर आए। पूरा पंडाल तालियों और उत्साह से गूंजता रहा।
स्टार नाइट से पूर्व आयोजित कवि सम्मेलन ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। हास्य कवि सुदीप भोला, रशिक गुप्ता और प्रताप फौजदार ने अपनी चुटीली प्रस्तुतियों से माहौल को हल्का-फुल्का और आनंदमय बना दिया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर और डीएम नितिन सिंह भदौरिया सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। आयोजन स्थल दर्शकों से खचाखच भरा रहा और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।