नैनीताल/टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के नैनीताल और टिहरी जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय को लगातार दूसरे दिन धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जबकि नई टिहरी जिला न्यायालय की आधिकारिक ईमेल पर भी बम प्लांट किए जाने की सूचना दी गई।

सुबह 7:11 बजे आया धमकी भरा ईमेल
नैनीताल जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर सुबह 7:11 बजे प्राप्त संदेश में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर में ह्यूमन बम और आरडीएक्स से बने पांच बम लगाए गए हैं, जो सुबह 11:15 बजे विस्फोट करेंगे। ईमेल में अदालत तत्काल खाली करने की चेतावनी भी दी गई थी।
सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और जज चैंबर, अधिवक्ता कक्ष, पार्किंग सहित पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
इससे एक दिन पहले भी नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस दौरान आधे दिन तक न्यायिक कार्य प्रभावित रहा और भारी पुलिस बल तैनात कर परिसर की जांच कराई गई। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
दूसरे ईमेल में कथित तौर पर “तमिल टाइगर्स ऑफ ईलम” और “पाकिस्तान आईएसआई” के नाम से जिम्मेदारी लेने की बात लिखी गई है। पुलिस ईमेल की साइबर फॉरेंसिक जांच कर रही है।
टिहरी कोर्ट में भी मचा हड़कंप
उधर नई टिहरी जिला न्यायालय को भी बम प्लांट करने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और एलआईयू टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की जांच की। वहां भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है। एहतियातन कोर्ट परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और साइबर माध्यम से भेजे गए संदेशों की तकनीकी जांच जारी है।