हरिद्वार: कनखल थाना क्षेत्र स्थित श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में मिले 15 वर्षीय किशोर के शव मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। हत्या के आरोप में मृतक के मित्र को मथुरा से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में गुस्से में आकर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि 7 फरवरी को पुलिस को झाड़ियों में खून से सना शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और मृतक की पहचान कुनाल (15) निवासी रामपुर रायघाटी, थाना लक्सर, हाल निवासी लाटोवाली, कनखल के रूप में की।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पांच टीमों का गठन किया गया। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
फुटेज में कुनाल को शराब के ठेके से शराब खरीदते और एक स्कूटी सवार के साथ जाते हुए देखा गया। जांच में स्कूटी सवार की पहचान अरविंद उर्फ शिवम, निवासी दुर्गा कॉलोनी थाना गोवर्धनपुर (यूपी), हाल निवासी लाटोवाली, कनखल के रूप में हुई। घटना के बाद से वह फरार था।
मथुरा से दबोचा गया आरोपी
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मथुरा पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अरविंद ने बताया कि वह कुछ समय से अपनी नानी के साथ कनखल में रह रहा था और कुनाल उसका पड़ोसी व दोस्त था।
शराब के नशे में हुआ विवाद
आरोपी के मुताबिक, 6 फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान कुनाल ने उसकी बहनों पर अभद्र टिप्पणी कर दी और गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने पर हाथापाई हुई, जिसमें कुनाल ने उसे थप्पड़ मार दिया। इससे आक्रोशित होकर अरविंद ने पास पड़ा भारी पत्थर उठाकर उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।