देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सचिवालय से करीब एक किलोमीटर दूर तिब्बती मार्केट क्षेत्र में बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के वक्त सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक जारी थी। हाई-सिक्योरिटी और वीवीआईपी मूवमेंट वाले इलाके में हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे स्कूटी सवार दो हमलावर तिब्बती मार्केट पहुंचे। वहां फल खरीद रहे लगभग 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा पर उन्होंने नजदीक से कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही अर्जुन शर्मा जमीन पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक हुई फायरिंग से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि अर्जुन शर्मा परेड ग्राउंड से टेनिस खेलकर लौट रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश में शहरभर में नाकाबंदी कर दी गई है।
संवेदनशील इलाके में वारदात
तिब्बती मार्केट राजधानी का व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र है। पास ही सचिवालय और पुलिस मुख्यालय स्थित हैं, जिससे यहां लगातार वीवीआईपी मूवमेंट रहता है। ऐसे क्षेत्र में दिनदहाड़े हत्या की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बढ़ती आपराधिक घटनाओं से चिंता
हाल के दिनों में इसी इलाके के आसपास पत्रकार पर हमला और पलटन बाजार में युवती की हत्या जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार सामने आ रही वारदातों से स्थानीय नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। लोगों का कहना है कि देहरादून, जो कभी शांत शहर माना जाता था, अब अपराध की घटनाओं से दहल रहा है।
मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने गृह सचिव शैलेश बगौली को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। गृह सचिव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की भी बात कही गई है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं मामले की निगरानी कर रहे हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। भाजपा विधायक दिलीप रावत ने भी घटना को बेहद चिंताजनक बताते हुए कानून-व्यवस्था को और सख्त करने की आवश्यकता जताई।