रुद्रपुर: उत्तराखंड परिवहन निगम के रोडवेज कर्मियों का वेतन न मिलने को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। रुद्रपुर में कर्मचारियों ने लगातार दूसरे दिन एक घंटे का कार्य बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर 14 फरवरी से पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा।

सोमवार को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद (कार्यशाला) के मंडलीय मंत्री दिनेश कुमार के नेतृत्व में कर्मचारी कार्यशाला परिसर में एकत्र हुए। कर्मचारियों ने बांह पर काला फीता बांधकर प्रदर्शन किया और परिवहन निगम व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
मंडलीय मंत्री दिनेश कुमार ने कहा कि कर्मचारियों को दिसंबर और जनवरी माह का वेतन अब तक नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष से वेतन का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि 12 फरवरी तक प्रतिदिन एक घंटे का कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। इसके बाद 13 फरवरी को मंडलीय प्रबंधक के कार्यालय में धरना दिया जाएगा और यदि इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो 14 फरवरी से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद (ट्रैफिक शाखा) के अध्यक्ष भगवान दास ने प्रदेश सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की उदासीनता के चलते रोडवेज की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। समय पर वेतन न मिलना इसकी बड़ी मिसाल है।
उन्होंने कहा कि न तो डिपो के पास पर्याप्त बसें उपलब्ध हैं और न ही बसों की मरम्मत के लिए आवश्यक कलपुर्जे सरकार उपलब्ध करा पा रही है।
इस दौरान शाखा मंत्री राजेश कुमार, योगेश आर्या, तनवीर अहमद, चंदन मंडल, राजीव रस्तोगी, सुनील रस्तोगी, सुजीत कुमार, मुर्तजा अली, आसिफ हुसैन सहित बड़ी संख्या में रोडवेज कर्मचारी मौजूद रहे।