Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
रुद्रपुर में सांसद अजय भट्ट ने केंद्रीय बजट को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत आधार बताया। उन्होंने कहा कि बजट में किसान, युवा, महिलाएं, मध्यम वर्ग और वैज्ञानिकों के हितों को प्राथमिकता दी गई है।

रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद भट्ट ने कहा कि भारत वर्तमान में दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड के विकास को लेकर पूरी तरह गंभीर है, विशेषकर रेल और कनेक्टिविटी परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना राज्य के लिए ऐतिहासिक साबित होगी और इसके लिए हर बजट में लगातार धनराशि का प्रावधान किया जा रहा है। इसके साथ ही खटीमा-किच्छा रेल लाइन निर्माण को लेकर भी सरकार प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में इस परियोजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा। उड़ान योजना के तहत प्रदेश के और क्षेत्रों को हवाई सेवाओं से जोड़ा जाएगा, जबकि मोनो रेल जैसी आधुनिक परिवहन व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है।
सांसद भट्ट ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना के माध्यम से सीमावर्ती और हिमालयी क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। इसके लिए हिमालयी राज्यों के 1954 गांवों को चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में हिमालयी क्षेत्र के 1700 से अधिक गांव खाली हो चुके हैं, जिन्हें दोबारा आबाद करने के लिए सरकार ठोस कदम उठा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत आज 100 से अधिक देशों को इलेक्ट्रिक वाहनों की आपूर्ति कर रहा है, जिससे देश में रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। इस मौके पर विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व मेयर रामपाल सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।