खटीमा क्रिकेट टूर्नामेंट: सीएम धामी ने बल्लेबाजी कर बॉल को पहुंचाया स्टेडियम पार, खिलाड़ियों का बढ़ाया मनोबल
खटीमा (उत्तराखंड): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा दौरे के दौरान बिरिया मझोला क्षेत्र में आयोजित ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लेकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। नशा मुक्ति और जनजागरूकता के उद्देश्य से आयोजित इस टूर्नामेंट की मुख्यमंत्री ने प्रशंसा की और युवाओं से खेल को अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली की ओर बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर सीएम धामी ने बल्ला थामकर मैदान में खेल का प्रदर्शन भी किया, जिससे युवा खिलाड़ियों में खासा जोश देखने को मिला।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री धामी चंपावत दौरे के बाद शाम को अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे। यहां उन्होंने खटीमा महाविद्यालय में आयोजित विंटर कार्निवाल में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। छात्र संघ द्वारा पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम को मुख्यमंत्री ने सराहनीय पहल बताते हुए छात्र संघ के पदाधिकारियों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद मुख्यमंत्री बिरिया मझोला पहुंचे, जहां स्वर्गीय मनीष चंद की स्मृति में आयोजित नशा मुक्ति क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय मनीष चंद की माता हरकेश चंद ने मुख्यमंत्री का तिलक लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार खेलों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में हाल ही में राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया है और प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में आठ खेल अकादमियों की स्थापना की जा रही है, जिनमें एक हजार से अधिक खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। नई खेल नीति के तहत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे, ताकि किसी भी बच्चे को संसाधनों की कमी के कारण खेल से वंचित न रहना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाना सरकार की प्राथमिकता है। सही मंच और मार्गदर्शन मिलने पर प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश व देश का नाम रोशन कर सकते हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा महाविद्यालय में आयोजित विंटर कार्निवाल में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।