देहरादून। उत्तराखंड पुलिस विभाग में लंबे समय से रिक्त पड़े आरक्षी पदों पर भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुँच गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने शारीरिक माप-जोख, शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों की संयुक्त मेरिट सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के अभिलेखों की स्क्रूटनी की तिथि भी निर्धारित कर दी गई है, जिसके बाद अंतिम चयन सूची प्रकाशित की जाएगी।

इस भर्ती के पूरा होने के बाद राज्य पुलिस विभाग को लगभग 2000 नए आरक्षी मिलने की उम्मीद है। हालांकि भर्ती प्रक्रिया काफी पहले शुरू हुई थी, लेकिन न्यायालय में मामला जाने के कारण इसमें देरी होती रही। अब कोर्ट से रोक हटने के बाद आयोग ने भर्ती प्रक्रिया को दोबारा गति दे दी है।
UKSSSC ने कुल 2545 अभ्यर्थियों की सूची जारी की है। यह सूची शारीरिक माप-जोख, शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई है। चूंकि आरक्षी पदों की संख्या 2000 है, इसलिए अभिलेखों की जांच के दौरान संभावित कटौती को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त अभ्यर्थियों को सूची में शामिल किया गया है। अभिलेख सत्यापन के बाद ही अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
आयोग ने अभ्यर्थियों को 12 जनवरी 2026 को आयोग कार्यालय में उपस्थित होकर अपने मूल अभिलेखों की स्क्रूटनी कराने के निर्देश दिए हैं। दस्तावेज सत्यापित होने के बाद ही अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इस भर्ती के लिए 30 अक्टूबर 2024 को विज्ञप्ति जारी की गई थी। 24 फरवरी से 4 अप्रैल 2025 के बीच राज्य के 17 केंद्रों पर शारीरिक माप-जोख एवं दक्षता परीक्षा आयोजित की गई। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 3 अगस्त 2025 को संपन्न हुई थी।
परीक्षा आयोजित होने के बाद प्रक्रिया न्यायालय में चुनौती के कारण रुकी रही। 19 दिसंबर 2025 को अदालत द्वारा रोक हटाए जाने के बाद आयोग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त मेरिट सूची जारी की। अब उम्मीद है कि जल्द ही अंतिम चयन सूची जारी कर पुलिस विभाग में नए आरक्षियों की नियुक्ति की जाएगी।