नैनीताल: उत्तराखंड में लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच नैनीताल से एक गंभीर मामला सामने आया है। तल्लीताल क्षेत्र के फांसी गदेरा में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे तीन मजदूरों को कुचल दिया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि कार चालक और उसका साथी मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, हरि नगर निवासी बिहारी लाल, पप्पू और राजेश लाल पेंटिंग का काम करने राजभवन मार्ग स्थित आर्मी गेस्ट हाउस की ओर जा रहे थे। चढ़ाई वाले मार्ग पर अचानक आई तेज रफ्तार कार ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद भी चालक नहीं रुका और वाहन आगे बढ़ाते हुए मजदूरों को कुचलता चला गया।
घटना के बाद तीनों मजदूर वाहन के नीचे फंस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। सभी को तुरंत बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, घायल बिहारी लाल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में इस्तेमाल की गई कार को कब्जे में ले लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी में वाहन चालक के पुलिसकर्मी होने की बात सामने आ रही है। चालक और उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि मामले की जांच तेज कर दी गई है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में रोष और भय का माहौल बना हुआ है।