
उत्तर प्रदेश के महराजगंज में ज़ूम ऐप पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की शिक्षकों के साथ चल रही ई-मीटिंग में बड़ा विवाद हो गया। 7 अगस्त को हुई इस बैठक का उद्देश्य सरकारी स्कूलों की समस्याएं सुनना और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना था, लेकिन बीच में ही स्क्रीन पर अश्लील वीडियो चलने लगा, जिससे माहौल बिगड़ गया।
बैठक में DM के अलावा बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और आम नागरिक भी शामिल थे। जनता से सीधे संवाद के लिए जिला सूचना अधिकारी ने मीटिंग का लिंक विभिन्न ग्रुपों में साझा किया था। इसी का फायदा उठाकर कुछ अराजक तत्व जुड़ गए और न केवल अश्लील वीडियो दिखाया, बल्कि आपत्तिजनक बातें भी करने लगे।
घटना के बाद अधिकारी तुरंत मीटिंग छोड़कर चले गए और DM ने तत्काल जांच के आदेश दे दिए। 9 अगस्त को बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धि पांडेय के निर्देश पर दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई।
सदर कोतवाल सत्येंद्र राय के अनुसार, मामले की जांच साइबर थाने की मदद से की जा रही है और तकनीकी माध्यम से आरोपियों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने इस कृत्य को गंभीर साइबर अपराध मानते हुए जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।