
बेंगलुरु की विशेष अदालत ने जनता दल (सेक्युलर) के पूर्व सांसद और पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना को घरेलू सहायिका से बार-बार रेप, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और उसका यौन उत्पीड़न करने के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने उन पर कुल 11 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है, जिसमें से पूरी राशि पीड़िता को मुआवजे के रूप में दी जाएगी।
क्या था मामला?
हासन जिले के होलेनरसीपुरा स्थित फार्महाउस में काम करने वाली 48 वर्षीय घरेलू सहायिका ने शिकायत में बताया कि 2021 से प्रज्वल रेवन्ना ने उसका बार-बार यौन शोषण किया, इस दौरान उसके वीडियो बनाए और उसे धमकाया कि अगर उसने किसी को बताया तो वो वीडियो वायरल कर देंगे।
पीड़िता ने बताया कि ये घटनाएं इतनी भयावह थीं कि उसने आत्महत्या तक करने का मन बना लिया था। साथ ही उसने अदालत में बताया कि आरोपी ने अन्य महिलाओं के भी ऐसे वीडियो बनाए हैं।
अदालत में क्या हुआ?
सांसदों-विधायकों से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए बनी विशेष अदालत ने रेवन्ना को शुक्रवार को दोषी करार दिया और शनिवार को सजा सुनाई। कोर्ट ने माना कि उन्होंने कानून का घोर उल्लंघन किया और इस कृत्य से समाज में भय का माहौल पैदा हुआ है।
सरकारी वकील बीएन जगदीश ने अदालत से कहा –
“रेप के वीडियो प्रज्वल की मानसिकता और सत्ता के दुरुपयोग को दिखाते हैं। एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि होकर भी उन्होंने ऐसा अपराध किया। उन्हें अधिकतम सजा मिलनी चाहिए ताकि समाज में एक कड़ा संदेश जाए कि सत्ता और पैसे से कानून नहीं झुकता।”
प्रज्वल रेवन्ना का कोर्ट में बयान
सजा से पहले रेवन्ना कोर्ट में फूट-फूट कर रो पड़े और बोले –
“चुनाव के वक्त ही यह मामला क्यों सामने आया? जब मैं सांसद था तब कोई शिकायत क्यों नहीं की गई? अब अचानक कहा जा रहा है कि मैंने ये सब किया?”
इन धाराओं में हुई सजा
भारतीय दंड संहिता की धारा | सजा | जुर्माना |
---|---|---|
IPC 376(2)(k) | उम्रकैद | ₹5 लाख |
IPC 376(2)(n) | उम्रकैद | ₹5 लाख |
IPC 354(a) | 3 साल सश्रम | ₹25,000 |
IPC 354(b) | 7 साल सश्रम | ₹50,000 (अदायगी न करने पर 6 माह जेल) |
IPC 354(c) | 3 साल सश्रम | — |
IPC 506 | 2 साल सश्रम | ₹10,000 |
IPC 201 | 3 साल सश्रम | ₹25,000 |
IT Act 66(E) | 3 साल सश्रम | ₹25,000 |
कुल जुर्माना: ₹11 लाख + 11 लाख मुआवजा पीड़िता को।
चुनाव से ठीक पहले सामने आए थे वीडियो
अप्रैल 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले, कई महिलाओं ने प्रज्वल रेवन्ना पर यौन उत्पीड़न और वीडियो रिकॉर्डिंग के आरोप लगाए। 23 अप्रैल को, हासन में मतदान से महज तीन दिन पहले कुछ आपत्तिजनक वीडियो सामने आए।
बवाल बढ़ता देख रेवन्ना मतदान के अगले दिन जर्मनी भाग गए, लेकिन वहां से लौटने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।